राष्ट्र निर्माण की जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर है : जयवीर सिंह
- Admin Admin
- Feb 14, 2025

- राष्ट्रीय पर्यटन दिवस पर प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागी पुरस्कृत
लखनऊ, 14 फरवरी (हि. स.)। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि देश को आगे बढ़ाने में युवाओं की बड़ी भूमिका है। एक सशक्त राष्ट्र निर्माण की जिम्मेदारी इनके कंधों पर है। इसलिए इन्हें जीवन के हर क्षेत्र में कंधे से कंधा मिलाकर, प्रदेश एवं देश को ऊंचाईयों तक पहुंचाने में क्षमता एवं पराक्रम का श्रेष्ठतम योगदान देने की जरूरत है।
उत्तर प्रदेश ईको टूरिज्म डेवलपमेंट बोर्ड द्वारा राष्ट्रीय पर्यटन दिवस पर 25 जनवरी को क्विज का आयोजन किया गया था। विजेता विद्यार्थियों को शुक्रवार को मंत्री जयवीर ने सम्मानित किया। प्रथम विजेता एलपीएस जानकीपुरम, लखनऊ की टीम को 50 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया। इसमें तीन छात्र श्रेयस दीक्षित, दिव्या आर्यन और राज आर्यन गौतम शामिल हैं। द्वितीय विजेता आर्मी पब्लिक स्कूल नेहरू रोड लखनऊ की टीम को 30 हजार रुपए का चेक दिया गया। इसमें अंशिका दुबे, आयशी यादव, अवनी यादव शामिल हैं। इसके साथ ही तृतीय पुरस्कार एसकेडी एकेडमी वृंदावन योजना की टीम लखनऊ को 20 हजार रुपए दिया गया। इस टीम में अनामिका, मुदित सिंह और निकुंज सिंह हैं।
बता दें कि, पर्यटन दिवस पर मिलेनियम माइंड एवं फन क्रू के सहयोग से रील मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इसमें सर्वाधिक लाइक्स के आधार पर चयनित सितांशु सागर, शैलजा शर्मा, आदित्य जायसवाल और हर्ष त्रिपाठी को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति मुकेश मेश्राम, विशेष सचिव पर्यटन ईशा प्रिया, उप्र पर्यटन विकास निगम की प्रबंध निदेशक सान्या छाबड़ा, पर्यटन निदेशक प्रखर मिश्र, पर्यटन सलाहकार जेपी सिंह, उपनिदेशक दिनेश एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श.चन्द्र