डिब्रूगढ़ में मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत नौ गिरफ्तार, हेरोइन व नकदी बरामद
- DSS Admin
- Jun 15, 2026
डिब्रूगढ़ (असम), 15 जून (हि.स.)। डिब्रूगढ़ पुलिस ने शहर के रेलवे स्टेशन के समीप हरिजन कॉलोनी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर चलाए गए मादक पदार्थ विरोधी अभियान के दौरान नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। अभियान के दौरान संदिग्ध हेरोइन, नकदी और सोने के आभूषण भी बरामद किए गए।
मीडिया से बातचीत में पुलिस अधिकारी नयन मणि बरुवा ने आज बताया कि यह कार्रवाई जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि पिछले एक सप्ताह से जिले के विभिन्न इलाकों में लगातार छापेमारी की जा रही थी, जिसके दौरान मिली सूचनाओं से रेलवे कॉलोनी क्षेत्र, जिसे स्थानीय तौर पर कोयला पट्टी कहा जाता है, को मादक पदार्थों के स्रोत के रूप में चिन्हित किया गया।
खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने इलाके में अचानक छापा मारा और कई घरों की तलाशी ली। इस दौरान सुजाता बिस्वास नामक महिला के घर से लगभग 79 ग्राम संदिग्ध हेरोइन, 4.92 लाख रुपये नकद तथा कुछ सोने के आभूषण बरामद किए गए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मादक पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला और इससे जुड़े नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है। साथ ही यह भी सत्यापित किया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपितों में से कोई भारतीय रेलवे का कर्मचारी तो नहीं है।
बरुवा ने कहा कि यदि किसी आरोपित के रेलवे कर्मचारी होने की पुष्टि होती है, तो रेलवे अधिकारियों को सूचित कर उसके खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की सिफारिश की जाएगी। यह अभियान ऊपरी असम में नशा तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए असम पुलिस की व्यापक मुहिम का हिस्सा है।

