मालदा जिला परिषद में तृणमूल के भीतर बगावत, सभाधिपति के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव
- DSS Admin
- Jun 15, 2026
मालदा, 15 जून (हि. स.)। जिले की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है, जहां तृणमूल कांग्रेस के अंदर ही गंभीर अस्थिरता देखने को मिली है।
सोमवार को पार्टी के 17 जिला परिषद सदस्यों ने मालदा जिला परिषद की सभाधिपति लिपिका बर्मन घोष और सहकारी सभाधिपति एटीएम रफीकुल हुसैन के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव दाखिल किया।
इस घटनाक्रम से मालदा के राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है। अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले सदस्यों का आरोप है कि सभाधिपति सभी को साथ लेकर चलने में असफल रही है। उनका कहना है कि पार्टी के भीतर समन्वय की कमी और कार्यशैली को लेकर मतभेद के कारण यह कदम उठाना पड़ा।
सोमवार को असंतुष्ट सदस्य मालदा डिविजनल कमिश्नर कार्यालय पहुंचे और औपचारिक रूप से प्रस्ताव जमा किया।
गौरतलब है कि मालदा जिला परिषद में कुल 43 सीटें है। पिछले पंचायत चुनाव में तृणमूल ने 34 सीटों पर जीत हासिल की थी, जिसके आधार पर लिपिका बर्मन घोष को सभाधिपति और एटीएम रफीकुल हुसैन को सहकारी सभाधिपति बनाया गया था। वहीं कांग्रेस ने पांच और भाजपा ने चार सीटें जीती थी।

