रजिस्ट्री कार्यालय को ऑनलाइन करने के विरोध में अधिवक्ताओं ने किया प्रदर्शन
- DSS Admin
- Jun 15, 2026
मुरादाबाद, 15 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद में रजिस्ट्री कार्यालय को ऑनलाइन करने और फ्रेंचाइजी द्वारा रजिस्ट्री कार्य संचालित कराने के विरोध में सोमवार को दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी के अधिवक्ताओं ने रजिस्ट्री कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया।
दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी के अध्यक्ष आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि रजिस्ट्री की डीड लिखने का कार्य जिले में कातिब और अधिवक्ता भी करते हैं। सरकार रजिस्ट्री कार्यालय को ऑनलाइन करने के बहाने फ्रेंचाइजी को ठेके पर कार्य संचालित करने की योजना बनाई गई। इस व्यवस्था से स्थानीय लोगों के रोजगार छिन जाएंगे। 1 जुलाई से सरकार यह व्यवस्था लागू करने जा रही है। सरकार की इस व्यवस्था के विरोध में अधिवक्ता के साथ दस्तावेज लेखक पूर्ण रूप से आज ताला बंद हड़ताल पर रहे। धरना प्रदर्शन का संचालन दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी के महासचिव कपिल गुप्ता एडवोकेट ने किया।
इस दौरान बार एसोसिएशन के संयुक्त सचिव आवरण अग्रवाल, रमापंत पांडेय, अभिनव भट्ट, सुभाषचंद्र माथुर, निमित जायसवाल, राजीव चौधरी, मनीष वार्ष्णेय, सौरभ चक्रवर्ती आदि अनेकों अधिवक्ता उपस्थित रहे।
---------------

