
रांची, 7 जुलाई (हि.स.)। उपायुक्त (डीसी) मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीसी सोमवार को समाहरणालय में आयोजित जनता दरबार में फरियादियों की समस्याओं को सुनने के बाद पदाधिकारियों को निर्देश दे रहे थे।
मौके पर डीसी ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर समाधान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा जताया कि इस तरह के संवाद से प्रशासन और जनता के बीच विश्वास का पुल मजबूत होता है।
वहीं डीसी ने प्रत्येक फरियादी की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित विभागीय अधिकारियों को फोन पर ही त्वरित निर्देश दिया।
जनता दरबार में भूमि पर अवैध कब्जा, लंबित म्यूटेशन, पेंशन, छात्रवृत्ति, दोहरे जमाबंदी खतियान और भू-माफियाओं की गतिविधियों से जुड़ी समस्याओं पर नागरिकों ने शिकायतें दर्ज कराईं। जनता दरबार में ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar