
चंपावत, 22 अप्रैल (हि.स.)। स्वामी विवेकानंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय लोहाघाट में विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने पृथ्वी के बदलते स्वरूप एवं बिगड़ते हालातों पर गहरी चिंता व्यक्त करने के साथ पृथ्वी को संवारने की प्रतिज्ञा ली।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर संगीता गुप्ता ने कहा कि आज ग्लेशियर निरंतर पिघल रहे हैं, पृथ्वी का तापमान गर्म होता जा रहा है, और अनेक जीव जंतु लुप्त हो रहे हैं। कार्यक्रम के संयोजक डॉक्टर कमलेश शक्टा ने कहा कि समुद्रीय जल स्तर में वृद्धि होने से अनेक द्वीपों पर संकट आ खड़ा है, और वन अग्नि तथा बढ़ते हुए प्रदूषण के कारण से वातावरण में हानिकारक गैसों का प्रभाव बढ़ गया है। इस अवसर पर जिला विधिक प्राधिकरण के राजीव मुरारी ने पृथ्वी दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिन हमें पर्यावरण के महत्व और इसकी रक्षा के लिए हमारे कर्तव्यों की याद दिलाता है,पीएलवी गोपाल सिंह, तारा सिंह आदि ने पृथ्वी दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में उपस्थित दो दर्जन से अधिक विद्यार्थीयों ने पृथ्वी को बचाने का संकल्प दिलाया लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी