चौकीदार की हत्या का आरोपित गिरफ्तार, पुरानी दुश्मनी में हुई हत्या

नवादा, 18 मई (हि.स.)। नवादा जिले में चौकीदार की हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। धमाल थाना क्षेत्र के चौकीदार सुरेंद्र पासवान की चाकू मारकर हत्या करने वाले आरोपी रामपत यादव को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी तुर्कवन गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

इस संबंध में नवादा के पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अभिनव धीमान ने बताया कि 10 मई 2026 को पुरानी रंजिश को लेकर आरोपित रामपत यादव ने चौकीदार सुरेंद्र पासवान पर चाकू से हमला कर दिया था। आरोपित ने सुरेंद्र पासवान के पेट में चाकू घोंप दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद आसपास के लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम का गठन किया और लगातार छापेमारी शुरू की। एसएसपी ने बताया कि वैज्ञानिक तरीके और तकनीकी अनुसंधान के सहारे पुलिस ने आरोपित की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया।

मृतक चौकीदार सुरेंद्र पासवान और आरोपी रामपत यादव दोनों एक ही गांव के निवासी थे। दोनों के बीच लंबे समय से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी पुरानी दुश्मनी ने आखिरकार खूनी रूप ले लिया। पुलिस का मानना है कि हत्या की घटना पूर्व नियोजित हो सकती है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

गांव में घटना के बाद से तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस प्रशासन द्वारा इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। मृतक के परिजनों ने आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की है।

---------------

   

सम्बंधित खबर