विश्व पर्यावरण दिवस पर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान शुरू
- Admin Admin
- Jun 05, 2025

मुंबई ,5 जून ( हि. स.) । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ठाणे महानगरपालिका एवं सामाजिक विकास विभाग द्वारा खिडकली तालाब से अमृत एवं डे-एनयूएलएम कृतिसंगम कार्यक्रम के अंतर्गत “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम महानगरपालिका आयुक्त सौरभ राव के आदेशानुसार एवं अतिरिक्त आयुक्त 2 प्रशांत रोडे के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम में उपायुक्त अनघा कदम, उद्यान निरीक्षक दिनेश गावड़े, पूर्व नगरसेवक बाबाजी पाटिल के साथ ही सामाजिक विकास विभाग के मनीष वाघमारे, शहर अभियान प्रबंधक रविन्द्र राठौड़, सामुदायिक संगठक रजनी गायकवाड़, सी.आर.पी. एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित थीं।
महिला स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के माध्यम से पूरे वर्ष भर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान जारी रहेगा। पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के लिए महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से खिडकली तालाब पर वृक्षारोपण किया गया। उपायुक्त अनघा कदम ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे वृक्षारोपण अभियान में महिला स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की भागीदारी और पेड़ों की देखभाल की जिम्मेदारी उन्हीं महिलाओं को दिए जाने से महिलाओं को आजीविका मिलेगी और पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान मिलेगा। पूर्व नगरसेवक बाबाजी पाटिल ने मनपा के माध्यम से चलाए जा रहे इस अभियान के लिए शुभकामनाएं दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रवीन्द्र शर्मा