प्रधानमंत्री मोदी ने दी अमरनाथ तीर्थयात्रा शुरू होने पर शुभकामनाएं
- DSS Admin
- Jul 03, 2026
नई दिल्ली, 03 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अमरनाथ तीर्थयात्रा के शुभारंभ पर देश-विदेश के समस्त शिवभक्तों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कामना की कि बाबा बर्फानी के दिव्य दर्शन की यह पवित्र यात्रा सभी श्रद्धालुओं के जीवन में सुख-समृद्धि, सौभाग्य और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए।
प्रधानमंत्री मोदी ने आज एक्स पर लिखा, समस्त शिवभक्तों को पावन-पुनीत श्री अमरनाथ यात्रा के शुभारंभ की अनंत शुभकामनाएं।बाबा बर्फानी के दिव्य दर्शन की यह यात्रा आप सभी के जीवन में सुख-समृद्धि, सौभाग्य और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए। जय बाबा बर्फानी।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने भगवान अमरनाथ की महिमा का वर्णन करते हुए सुभाषितम् साझा किया, वाग्बुद्धिचित्तकरणैश्च तपोभिरुग्रैः शक्यं समाकलयितुं न यदीयरूपम्। तं भक्तिभावसुलभं शरणं नतानां नित्यं भजाम्यऽमरनाथमहं दयालुम्॥
इस सुभाषितम् का अर्थ है कि भगवान अमरनाथ का वास्तविक स्वरूप वाणी, बुद्धि, मन अथवा कठोर तपस्या के बल पर भी पूर्णतः जाना या समझा नहीं जा सकता। वे केवल निष्कपट भक्ति और समर्पण भाव रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए सहज सुलभ हैं। ऐसे करुणामय भगवान अमरनाथ की शरण में रहकर उनका नित्य स्मरण और भजन करना ही भक्त का परम सौभाग्य है।
---------------

