यमुनानगर: घर में फंदे से लटकी मिली छात्रा, पिता के खिलाफ मामला दर्ज
- Vijesh Sharma
- Jul 03, 2026

यमुनानगर, 03 जुलाई यमुनानगर जिले के रादौर क्षेत्र में 20 वर्षीय छात्रा का शव घर में फंदे से लटका मिला है। घटना के समय युवती घर पर अकेली थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मृतका की मां की शिकायत पर पुलिस ने पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव कंजनू निवासी रजनी बाला ने बताया कि उनकी शादी वर्ष 2004 में संजीव कुमार से हुई थी। उनके दो बच्चे हैं। वर्ष 2015 से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा है और मामला न्यायालय में विचाराधीन है। महिला का आरोप है कि पति लंबे समय से परिवार के भरण-पोषण का खर्च नहीं दे रहा था। शिकायत के अनुसार उनकी बेटी भूमिका ने प्रताप नगर स्थित नवोदय विद्यालय से 12वीं की पढ़ाई पूरी की थी और आगे नीट परीक्षा की तैयारी करना चाहती थी। आर्थिक तंगी के कारण उसकी पढ़ाई आगे नहीं बढ़ सकी, जिससे वह मानसिक तनाव में रहने लगी थी।
महिला ने बताया कि शुक्रवार सुबह वह भरण-पोषण मामले की सुनवाई के लिए अदालत गई थीं, जबकि बेटा खेलने चला गया था। दोपहर को बेटा घर लौटा तो उसने जालीदार दरवाजे से देखा कि भूमिका कमरे की चौखट से फंदे पर लटकी हुई थी। उसने दरवाजा खोलकर बहन को नीचे उतारा और पड़ोसियों को बुलाया, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को सिविल अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमार्टम के उपरांत परिजनों को सौंप दिया गया। मृतका की मां का आरोप है कि यदि परिवार को समय पर आर्थिक सहयोग मिलता और बेटी की पढ़ाई बाधित नहीं होती तो वह इतना बड़ा कदम नहीं उठाती। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
---------------

