रायगढ़, 04 जुलाई (हि.स.)। ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत थाना कापू पुलिस ने पत्नी एवं ससुर पर जानलेवा हमला कर फरार चल रहे आरोपित को गिरफ्तार कर आज शनिवार काे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
19 मार्च को पीड़िता जेरोमिना किस्पोट्टा निवासी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने पति अमिताप लकड़ा के साथ मायके ग्राम ठाकुरनगर आई हुई थी। रात के भोजन के दौरान सब्जी कम-ज्यादा पर हुए मामूली विवाद में आरोपित पति ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और घर में रखे लोहे के सब्बल से उस पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए पीड़िता के पिता रघुराम किस्पोट्टा पर भी आरोपित ने धारदार टंगिया से हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई। चिकित्सीय परीक्षण में पीड़िता के पिता की चोटों को चिकित्सक द्वारा गंभीर बताया गया। राज्य और स्थानीय प्रशासन पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना कापू में अपराध क्रमांक 40/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 118(2), 351(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। घटना के बाद से आरोपित लगातार फरार था।
“ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत फरार आरोपिताें की धरपकड़ अभियान के दौरान थाना प्रभारी कापू उप निरीक्षक इगेश्वर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपित की लगातार पतासाजी की। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने ग्राम चैनपुर, थाना सीतापुर (जिला सरगुजा) में घेराबंदी कर आरोपित अमिताप लकड़ा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपित ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का सब्बल एवं धारदार टंगिया जब्त की गई।
वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर आरोपित को आज न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
---------------

