रायगढ़ : सीएचपी चौक हिंसा का मुख्य आरोपित राजेश मरकाम गिरफ्तार

रायगढ़, 02 जुलाई (हि.स.)। जिले में फरार आरोपिताें की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत तमनार पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। सीएचपी चौक लिबरा हिंसा प्रकरण के मुख्य आरोपित राजेश मरकाम को गिरफ्तार कर आज गुरुवार काे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

आरोपित पुलिस पर प्राणघातक हमला, लूटपाट, आगजनी, बलवा तथा शासकीय कार्य में बाधा जैसे गंभीर अपराधों में नामजद था और घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था।

जानकारी के अनुसार गारे पेलमा सेक्टर-01 कोयला परियोजना की जनसुनवाई के विरोध में दिसंबर 2025 से लिबरा स्थित सीएचपी चौक पर प्रभावित गांवों के लोगों द्वारा धरना-प्रदर्शन एवं आर्थिक नाकेबंदी की जा रही थी। प्रशासन एवं पुलिस द्वारा लगातार आंदोलनकारियों को शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था का पालन करने की सलाह दी गई थी।

27 दिसंबर 2025 को कानून व्यवस्था ड्यूटी के दौरान आंदोलन अचानक उग्र हो गया। आरोप है कि राजेश मरकाम, रूपेश पटेल, संदीप प्रधान तथा उनके साथियों ने बड़ी संख्या में आंदोलनकारियों को उकसाकर पुलिस बल पर लाठी, डंडा, टांगी और पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में पुलिसकर्मी घायल हुए तथा पुलिस से शासकीय वॉकी-टॉकी एवं शासकीय मोबाइल फोन लूट लिया गया।

उग्र भीड़ ने पुलिस दल को घेरकर लगातार पथराव किया और सड़क किनारे खड़ी पुलिस की शासकीय वाहन, पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों के वाहन में तोड़फोड़ कर आग लगा दी, प्लांट में तोड़फोड किया गया था ।

घटना के संबंध में अलग-अलग पीड़िताें की रिपोर्ट पर थाना तमनार में कुल 16 अपराध पंजीबद्ध किए गए हैं। अब तक इस प्रकरण में 22 आरोपिताें को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है, जबकि अन्य फरार आरोपिताें की तलाश लगातार जारी है।

राजेश मरकाम, इन घटनाओं को लेकर थाना तमनार में दर्ज अपराध क्रमांक 303/2025, 306/2025, 307/2025 एवं 308/2025 में नामजद आरोपित था। विवेचना के दौरान उसकी लगातार तलाश की जा रही थी। एक जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपित ग्राम बरपाली आया हुआ है। सूचना पर तमनार एवं पूंजीपथरा पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर आरोपित को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपित ने घटना के दौरान आंदोलनकारियों के साथ मिलकर हिंसक वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। विवेचना में आंदोलनकारियों को दुष्प्रेरित करने की भूमिका सामने आने पर प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 49 भी जोड़ी गई। आरोपित को विधिवत गिरफ्तार कर आज न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

---------------

   

सम्बंधित खबर