जनता की समस्याओं का समय पर हो निपटारा: डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी
- DSS Admin
- Jun 28, 2026
कटिहार, 28 जून (हि.स.)। सदर प्रखंड के गरभेली पंचायत सरकार भवन में रविवार को ‘पंचायत विकास दिवस’ का विधिवत उद्घाटन किया गया। जिले के प्रभारी मंत्री (भूतत्व एवं खनन तथा कला एवं संस्कृति विभाग) डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने इसका शुभारंभ किया।
इस आयोजन की मुख्य थीम 'महिला हितैषी ग्राम पंचायत' रखी गई है, जिसका उद्देश्य मद्यनिषेध नीति एवं अन्य नशों के दुष्प्रभावों के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाना और आमजनों की समस्याओं का सीधा समाधान करना है।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री डॉ. चंद्रवंशी ने कहा कि सरकार सीधे जनता के द्वार पहुंच रही है। अब प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को 'पंचायत विकास दिवस' और प्रथम व तृतीय मंगलवार को 'सहयोग शिविर' के माध्यम से आम लोग सीधे सरकारी प्रतिनिधियों से अपनी समस्याएं और उपलब्धियां साझा कर सकेंगे। उन्होंने मौके पर उपस्थित संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट आदेश दिया कि जनता की किसी भी समस्या का निष्पादन ससमय और प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।
प्रभारी मंत्री ने महिलाओं के कल्याण को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में महिलाओं के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाएं चलाई जा रही हैं। 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ', जनधन खातों के माध्यम से 10,000 रुपये की सीधी सहायता, मुख्यमंत्री महिला योजनाएं, बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और महिला उद्यमी योजना से महिलाओं का आर्थिक और मानसिक विकास निरंतर हो रहा है।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि वर्ष 2016 में महिलाओं की मांग पर ही तत्कालीन मुख्यमंत्री ने पूर्ण शराबबंदी लागू की थी। इसका सबसे बड़ा लाभ आज हमारी माताओं-बहनों को ही मिल रहा है और वे समाज में खुद को अधिक सुरक्षित महसूस कर रही हैं। कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक का भी प्रभावी मंचन किया गया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 135वें एपिसोड का सामूहिक श्रवण किया गया, जिसे वहां उपस्थित सभी लोगों ने ध्यानपूर्वक सुना।
उक्त पंचायत विकास दिवस के अवसर पर प्रभारी मंत्री के साथ कटिहार विधायक तारकिशोर प्रसाद, 20 सूत्री कार्यक्रम के उपाध्यक्ष मनोज राय, गरभेली पंचायत के मुखिया सहित कटिहार के जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी व स्थानीय लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
---------------

