तिनसुकिया (असम), 02 जुलाई (हि.स.)। तिनसुकिया जिले के डुमडुमा में पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर लगभग 74 मवेशियों को जब्त किया। इस कार्रवाई के दौरान मवेशियों के परिवहन में प्रयुक्त दो वाहनों को भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिया।
पुलिस के अनुसार, एएस-23डीसी-6368 और एएस-01एससी-2586 नंबर के दो वाहनों में मवेशियों का परिवहन किया जा रहा था। अभियान के दौरान दोनों वाहनों को रोककर मवेशियों को बरामद किया गया।
जब्त किए गए मवेशियों को फिलहाल डुमडुमा नगर सार्वजनिक खेल मैदान में रखा गया है। मामले के संबंध में पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।
----------

