सूरजपुर : समय-सीमा बैठक में मानसून तैयारियों और खरीफ उर्वरक वितरण की विस्तृत समीक्षा

सूरजपुर, 15 जून (हि.स.)। सोमवार को कलेक्टर रेना जमील की अध्यक्षता में जिला कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में मानसून पूर्व तैयारियों, खरीफ उर्वरक वितरण, जनसमस्याओं के समाधान और विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की व्यापक समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल योजनाओं का क्रियान्वयन नहीं, बल्कि उसका लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचाना है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निराकरण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि यह आमजन की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में खरीफ 2026 के लिए उर्वरक भंडारण और वितरण की स्थिति की समीक्षा की गई। जिले में कुल 43,420 मीट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य निर्धारित है, जिसमें 12 जून तक 31,717 मीट्रिक टन का भंडारण तथा 14,394 मीट्रिक टन का वितरण किया जा चुका है। यह लक्ष्य का 33 प्रतिशत तथा भंडारण का 45 प्रतिशत है।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि किसानों की सुविधा को देखते हुए सभी खाद समितियां शनिवार को भी खुली रहें। साथ ही उन्होंने किसानों से अपील की कि वे आवश्यकता अनुसार समय पर खाद का उठाव करें, ताकि आपूर्ति और मांग के बीच संतुलन बना रहे। जिन विकासखंडों में वितरण की गति धीमी है, वहां तत्काल गति लाने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य और स्वच्छता व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने पंचायत एवं नगरीय निकाय क्षेत्रों में नालियों की नियमित सफाई, जलभराव की रोकथाम और मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।

उन्होंने जर्जर भवनों को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में स्कूल, छात्रावास या आंगनबाड़ी केंद्र जर्जर भवनों में संचालित नहीं होंगे। सभी जर्जर भवनों का सर्वे कर उन्हें चिन्हित करते हुए निर्धारित समय में डिस्मेंटल करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

इसके अलावा बैठक में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना, एग्री-स्टैक पंजीयन, सड़क निर्माण, जल निकासी, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागों को जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ विजेन्द्र पाटले, अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा, सभी एसडीएम एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

   

सम्बंधित खबर