पश्चिम मेदिनीपुर में किशोरी विकास केंद्र खोलने की तैयारी में आरएसएस
- DSS Admin
- Jun 29, 2026
मेदिनीपुर, 29 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के पश्चिम मिदनापुर जिले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अब किशोरियों के लिए “किशोरी विकास केंद्र” शुरू करने की तैयारी कर रहा है। संघ के सेवा विभाग की ओर से जिले के पिछड़े इलाकों में यह केंद्र खोले जाएंगे। इसका मुख्य उद्देश्य किशोरियों को सही दिशा देना, उनका शारीरिक और बौद्धिक विकास करना तथा उनमें राष्ट्रभावना विकसित करना है।
संघ का मानना है कि आज की किशोरी ही कल की महिला और परिवार की आधारशिला बनेगी। इसलिए यदि किशोरावस्था में उन्हें सही प्रशिक्षण दिया जाए तो भविष्य में वे गलत रास्ते पर जाने से बच सकती हैं।
जानकारी के अनुसार, इन केंद्रों को मुख्य रूप से शहरों की झुग्गी-बस्तियों और ग्रामीण आदिवासी व वनवासी क्षेत्रों में शुरू किया जाएगा, जहां शिक्षा का स्तर अपेाकृत कम है। कई परिवारों में माता-पिता काम के सिलसिले में दिनभर बाहर रहते हैं, जिससे बच्चों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे पाते। ऐसे में कई बार किशोरियां गलत संगत या सामाजिक बुराइयों की ओर बढ़ जाती हैं।
इसी को रोकने के लिए प्रशिक्षित महिलाओं को इन केंद्रों से जोड़ा जाएगा। इनमें शिक्षिकाएं, डॉक्टर, नर्स और अन्य सामाजिक कार्यकर्ता शामिल होंगी। ये किशोरियों को स्वास्थ्य, शिक्षा, संस्कार और आत्मविकास से जुड़ी बातें सिखाएंगी।
संघ के पश्चिम मेदिनीपुर जिला सह-सेवा प्रमुख ने बताया कि जिले में संघ की शाखाओं में लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है और सेवा कार्यों के लिए कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शुरुआत में जिले के हर ब्लॉक और नगर क्षेत्र में एक-एक केंद्र खोला जाएगा, जिसे आगे और बढ़ाया जाएगा।
यह पहल खासकर उन क्षेत्रों में केंद्रित होगी जहां शिक्षा और सामाजिक जागरूकता की कमी के कारण बाल विवाह, महिला तस्करी जैसी समस्याएं अधिक देखने को मिलती हैं।
---------------

