रंगयुग के समर इंटर्नशिप प्रोग्राम का समापन, 100 छात्राओं को मिले प्रमाणपत्र
- Neha Gupta
- Jun 18, 2026

जम्मू, 18 जून । रंगयुग परफॉर्मिंग आर्ट्स फाउंडेशन द्वारा आयोजित समर इंटर्नशिप प्रोग्राम (एसआईपी)-2026 के तीसरे संस्करण का सफलतापूर्वक समापन हो गया। 60 घंटे के इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में जीसीडब्ल्यू परेड ग्राउंड और पद्मश्री पद्मा सचदेव राजकीय महिला महाविद्यालय गांधी नगर की लगभग 100 छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान थिएटर, संगीत, नृत्य, योग, रचनात्मक लेखन, एंकरिंग, व्यक्तित्व विकास तथा स्टूडियो आधारित शिक्षण सहित विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण दिया गया। समापन समारोह में छात्राओं ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम के दौरान हासिल किए गए आत्मविश्वास, रचनात्मकता और कलात्मक विकास का प्रदर्शन किया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जीसीडब्ल्यू परेड ग्राउंड के प्राचार्य डॉ. नवीन आनंद उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम ने छात्राओं के व्यक्तित्व में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है और उन्हें अपनी छिपी प्रतिभाओं को पहचानने का अवसर दिया है। रंगयुग के निदेशक दीपक कुमार ने कहा कि संस्था पिछले चार दशकों से कला के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाने के लिए कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। छात्राओं ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि एसआईपी-2026 ने उनके आत्मविश्वास, संवाद कौशल, टीमवर्क और रचनात्मक सोच को नई दिशा दी।

