बालासन नदी का जलस्तर घटा, दुधिया का अस्थायी पुल मरम्मत जारी
- DSS Admin
- Jun 20, 2026
सिलीगुड़ी, 20 जून (हि.स.)। बालासन नदी का जलस्तर घटने के बाद दुधिया का अस्थायी पुल का मरम्मत कार्य शुरू हो गया है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने तेजी से मरम्मत कार्य शुरू किया है। उल्लेखनीय है कि गुरुवार रात लगातार भारी बारिश ने बालासन नदी को उफान पर ला दिया था, जिससे दूधिया इलाके में हालात बिगड़ गए थे। नदी का जलस्तर बढ़ने से दुधिया में बना ह्यूम पाइप का अस्थायी पुल बहाव में क्षतिग्रस्त हो गया। जिससे सिलीगुड़ी से मिरिक का संपर्क टूट गया था।हालांकि, बारिश थमने के बाद स्थिति में सुधार देखने को मिला है। नदी का जलस्तर कम होते ही शनिवार से लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने तेजी से मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है।
नदी के बहाव को सामान्य बनाए रखने के लिए जेसीबी मशीनों की मदद से पुल के आसपास जमा रेत हटाई जा रही है। इसी रेत का उपयोग कर क्षतिग्रस्त अस्थायी पुल को फिर से तैयार किया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि अगर मौसम अनुकूल रहा, तो अगले तीन दिनों के भीतर पुल पूरी तरह बहाल हो जाएगा और सिलीगुड़ी–मिरिक मार्ग पर यातायात फिर से शुरू हो सकेगा। लगातार बारिश के बाद अब कुछ समय के लिए मौसम साफ रहने से दुधिया और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली है, हालांकि प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

