दिल्ली शिवाजी कालेज के प्रोफेसर हत्याकांड का खुलासा, बर्दवान से दंपति गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jun 07, 2026
बर्दवान, 07 जून (हि. स.)। दिल्ली के शिवाजी कॉलेज की सहायक प्रोफेसर देवस्मिता पाल की हत्या के मामले में दिल्ली पुलिस ने पश्चिम बंगाल के बर्दवान से एक दंपति को गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस ने मामले का खुलासा करके खूब हुई कशमकश के लिए पुलिस ने कई राज्यों में जांच अभियान चलाया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत गुरुवार को पूर्वी दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव स्थित सत्यम अपार्टमेंट में रहने वाली देवस्मिता पाल अपने फ्लैट में मृत पाई गई थीं। घटना का पता तब चला जब उनकी बहन देबारती पाल ने कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद वह फ्लैट पर पहुंचीं। दरवाजा बाहर से बंद था। अंदर प्रवेश करने पर देवस्मिता का शव उन्होंने देखा और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतका के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और उनके हाथ की नस भी कटी हुई थी। फ्लैट से किसी प्रकार की चोरी या लूटपाट के संकेत नहीं मिले। नकदी, गहने और अन्य कीमती सामान सुरक्षित पाए गए। इसी आधार पर जांचकर्ताओं ने हत्या के पीछे किसी व्यक्तिगत विवाद या सुनियोजित साजिश की आशंका जताई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि देवस्मिता पाल की बर्दवान में पैतृक संपत्ति है। गिरफ्तार दंपति उसी संपत्ति में किरायेदार के रूप में रह रहा था। पुलिस का आरोप है कि मकान को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि प्रोफेसर लगातार मकान खाली कराने का प्रयास कर रही थीं, जिससे तनाव बढ़ता गया।
अपार्टमेंट परिसर के कैमरों में एक संदिग्ध दंपति को घटना वाले दिन भवन में प्रवेश करते और बाद में बाहर निकलते हुए देखा गया। फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की गई। दिल्ली पुलिस ने जांच के दौरान बड़ी संख्या में लोगों से पूछताछ की और सैकड़ों घंटों की सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। कई संभावित संदिग्धों को चिन्हित कर उनकी गतिविधियों की जांच की गई। इसी क्रम में जांच की दिशा बर्दवान की ओर गई, जहां से आरोपी दंपति को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपितों से पूछताछ जारी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि हत्या की योजना कब बनाई गई, वारदात को कैसे अंजाम दिया गया। फिलहाल पुलिस संपत्ति विवाद को हत्या का प्रमुख कारण मानकर जांच कर रही है।
---------------

