दिनदहाड़े हथियार के बल पर कलेक्शन एजेंट से 60 हजार की लूट

कटिहार, 02 जुलाई (हि.स.)। जिले के मनिहारी प्रखंड स्थित नवाबगंज आईटीआई के समीप गुरुवार को दिनदहाड़े बाइक सवार दो अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने एक निजी कंपनी के कलेक्शन एजेंट से 50 से 60 हजार रुपये लूट लिए। अपराधी बंदूक की नोक पर घटना को अंजाम देकर तेज रफ्तार बाइक से फरार हो गए। व्यस्त मार्ग पर दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है।

पीड़ित कलेक्शन एजेंट सोनू कुमार बोलिया क्षेत्र में दुकानों और ग्राहकों से रुपये का कलेक्शन करने गया था। वहां से नकदी लेकर वह वापस मनिहारी लौट रहा था। इसी दौरान नवाबगंज आईटीआई के पास पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे रोक लिया। अपराधियों ने सोनू को हथियार दिखाया और डरा-धमका कर उसके पास रखे कलेक्शन के 50 से 60 हजार रुपये नकद छीन लिए। घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी।

घटना की सूचना मिलते ही मनिहारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) विनोद कुमार और थाना अध्यक्ष संतोष कुमार झा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। अपराधियों की पहचान के लिए पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मनिहारी थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी गई है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। हालांकि, दिनदहाड़े हुई इस लूट से स्थानीय लोगों में भय है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि मनिहारी पुलिस इस लूटकांड का खुलासा कर अपराधियों को कब तक सलाखों के पीछे पहुंचा पाती है।

   

सम्बंधित खबर