सोमवती अमावस्या पर श्रद्धालुओं ने लगाई गोरखगिरि परिक्रमा
- DSS Admin
- Jun 15, 2026
महोबा, 15 जून (हि.स.)। ज्येष्ठ मास की सोमवती अमावस्या पर यूपी के महोबा में जिले में श्रद्धालुओं ने गुरू गोरखनाथ की तपोभूमि गोरखगिरि पर्वत की 5.5 किलोमीटर लंबी परिक्रमा लगाई एवं रास्ते में विराजमान सभी देवी-देवताओं को नमन करते हुए जयकारे लगाए। श्रद्धालुओं ने प्रशासन से प्राचीन शिवतांडव मंदिर के अधूरे पड़े निर्माण को शीघ्र पूरा कराने की मांग उठाई।
गोरखगिरि परिक्रमा की अगुवाई कर रहे बुंदेली समाज के संयोजक तारा पाटकर सनातनी ने सोमवार को कहा कि गोरखपुर के बाद नाथ संप्रदाय के सबसे बड़े तीर्थ गोरखगिरि पर्वत के पर्यटन विकास के लिए 2022 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 12 करोड़ का बजट दिया था। जिस पर अब तक पर्याप्त काम हो चुका है, लेकिन गोरखगिरि पर्वत के प्रवेश द्वार पर बने ऐतिहासिक शिवतांडव मंदिर का निर्माण कार्य अधूरा है। बारिश से पहले यदि ये काम पूरे नहीं हुए तो मंदिर के अंदर सारा पानी भरेगा और भक्तों के लिए वहां जाना मुश्किल हो जाएगा। गोरखगिरि परिक्रमा शिवतांडव मंदिर से शुरू होती है। फिर पठवा के हनुमान, महावीरन, केदारेश्वर महादेव, संकरे संन्या, छोटी चंडिका, काली माता, खो खो माता, शनिदेव, राम दरबार, नागौरिया व काल भैरव होते हुए वापस शिवतांडव मंदिर में संपन्न होती है।
परिक्रमा में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष दिलीप जैन, अवधेश गुप्ता, डा. देवेन्द्र, नीरज, अन्नू, रवि, प्रहलाद पुरवार, प्रेम, प्रवीण चौरसिया, गया प्रसाद, दिनेश खरे, विपिन भाखरी, राजेश शुक्ला, अच्छे लाल, सिद्ध गोपाल, राम किशन सेन, पवन पाठक व चंद्रभान समेत तमाम लोग मौजूद रहे हैं।
---------------

