एक साथ रंग मंडल के नुक्कड़ नाटक ने दिया नशे के खिलाफ सशक्त संदेश
- Neha Gupta
- Jun 29, 2026

जम्मू, 29 जून । एक साथ रंग मंडल ने अपनी सोमवार थिएटर श्रृंखला के तहत 523वें सोमवार थिएटर का आयोजन करते हुए फ्लोरीकल्चर पार्क, डिगियाना आश्रम में नशा: एक चुनौती, बड़ी पनौती शीर्षक से एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक का उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से दूर रहने के लिए जागरूक करना और समाज में बढ़ती नशाखोरी के खिलाफ सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश देना था। नाटक में वरिष्ठ समाजसेवी श्रीचंद के माध्यम से यह दर्शाया गया कि नशे की रोकथाम केवल पुलिस, नारकोटिक्स विभाग या सरकारी एजेंसियों की जिम्मेदारी नहीं है बल्कि परिवार और समाज को भी इसमें सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि माता-पिता, शिक्षक, भाई-बहन, पड़ोसी और समाज के सभी जिम्मेदार नागरिक यदि सतर्क रहें और समय रहते व्यवहार में आने वाले बदलावों को पहचानकर भावनात्मक सहयोग दें तो अनेक युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाया जा सकता है।
नाटक में यह भी संदेश दिया गया कि आत्म अनुशासन और पारिवारिक संवाद ही नशे के खिलाफ सबसे मजबूत हथियार हैं। यदि परिवारों में खुलकर बातचीत हो, बच्चों की गतिविधियों पर सकारात्मक नजर रखी जाए और समय पर हस्तक्षेप किया जाए तो नशे जैसी सामाजिक बुराई पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। श्रीचंद ने लोगों से आह्वान किया कि वे अपने परिवार के जिम्मेदार संरक्षक बनने का संकल्प लें और समाज को नशा मुक्त बनाने के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या खामोशी में पनपती है जबकि जागरूकता, संवाद और सतर्कता इसके सबसे बड़े दुश्मन हैं। नाटक के प्रभावशाली मंचन को दर्शकों ने खूब सराहा और इसकी सामाजिक उपयोगिता की प्रशंसा की। प्रस्तुति में शालिजा, सीमा भगत और विजय मल्ला ने अपने सशक्त अभिनय से नाटक के संदेश को प्रभावी ढंग से दर्शकों तक पहुंचाया।

