धार में बैंक सहकर्मी पर दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का आरोप, शादी का झांसा देकर संबंध बनाने के बाद धमकाने की शिकायत
- DSS Admin
- Jul 01, 2026
धार, 1 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार शहर में एक निजी बैंक में काम करने वाले सहकर्मी पर शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म करने और बाद में निजी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपित के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता और आरोपित सुमित शर्मा पुत्र सुभाष शर्मा, निवासी पट्ठा चौपाटी, धार के एक निजी बैंक में साथ काम करते थे। दोनों पिछले करीब तीन साल से एक-दूसरे को जानते थे। काम के दौरान बातचीत बढ़ी और दोनों ने अपने-अपने वैवाहिक जीवन की परेशानियां साझा कीं।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपित ने उसे भरोसा दिलाया कि वह अपनी पत्नी को छोड़कर उससे शादी करेगा। इसी विश्वास में आरोपित ने महिला को सुंदरवन कॉलोनी स्थित एक स्थान पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद महिला का अपने पति से कानूनी रूप से तलाक भी हो गया।
तलाक के बाद जब महिला ने आरोपित पर शादी का दबाव बनाया तो वह अपने वादे से मुकर गया। आरोप है कि इसके बाद आरोपित ने महिला को डराने के लिए उसके निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दी और ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
पीड़िता का कहना है कि आरोपित ने पट्ठा चौपाटी स्थित अपने घर पर भी उसके साथ जबरदस्ती की। इस बीच परिजनों ने महिला के लिए उत्तर प्रदेश में रिश्ता तय किया, लेकिन आरोपित ने कथित रूप से होने वाले ससुराल पक्ष को दोनों के निजी फोटो भेज दिए, जिससे शादी टूट गई। लगातार धमकियों और प्रताड़ना से परेशान होकर महिला अपने परिजनों के साथ कोतवाली थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी सुमित शर्मा के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।

