बिहार में तीन महीने तक बालू की नहीं होगी कमी, मानसून में खनन पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध: डॉ. प्रमोद कुमार
- DSS Admin
- Jun 15, 2026
पटना, 15 जून (हि.स.)। बिहार के खान एवं भूतत्व मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने सोमवार को कहा कि राज्य में बालू का पर्याप्त भंडारण मौजूद है और आगामी तीन महीनों तक निर्माण सामग्री की कोई कमी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि मानसून अवधि में अवैध खनन पर सख्त निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की आपूर्ति बाधा या विपरीत स्थिति उत्पन्न न हो।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि बिहार सरकार विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु के दौरान नदियों से बालू खनन पर प्रतिबंध पर्यावरणीय मानकों के अनुपालन और नदी पारिस्थितिकी के संरक्षण के लिए आवश्यक कदम है।
उन्होंने बताया कि विभाग ने बालू की आपूर्ति व्यवस्था को पहले से ही सुनिश्चित किया है, ताकि आम नागरिकों, निर्माण कार्यों और सरकारी परियोजनाओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके लिए स्टॉकिस्ट लाइसेंसधारियों और बालूघाटों के सेकेंडरी लोडिंग प्वाइंट्स के माध्यम से आपूर्ति की व्यवस्था की गई है।
पर्यावरणीय स्वीकृति की शर्तों के तहत राज्य की नदियों से 15 जून 2026 से 15 अक्टूबर 2026 तक बालू खनन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस अवधि में खनन गतिविधियों पर रोक रहेगी, जबकि मांग को पूरा करने के लिए वैकल्पिक आपूर्ति तंत्र सक्रिय रहेगा।
सरकार ने यह भी बताया कि राज्य की प्रमुख नदियों—सोन, किऊल, फल्गु, मोरहर और चानन—में सीएमपीडीआई के माध्यम से बालू पुनर्भरण का वैज्ञानिक अध्ययन कराया जा रहा है। इस अध्ययन के आधार पर भविष्य में खनन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, टिकाऊ और पर्यावरण-अनुकूल बनाया जाएगा।
विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे अवैध खनन, परिवहन या खनिज संबंधी किसी भी शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 9472238821 पर संपर्क करें।------------

