मुंबई, 28 जून (हि.स.)। केंद्रीय सामाजिक न्याय राज्य मंत्री रामदास अठावले ने शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राऊत के बयानों की आलोचना की है और संयम बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि राऊत को गलत भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
आठवले ने कहा कि राऊत मेरे पुराने दोस्त हैं और वे एक प्रखर और विद्वान नेता हैं। पार्टी में फूट, सांसदों के जाने और मौजूदा राजनीतिक हालात के कारण उनके मन में गुस्सा व निराशा होना स्वाभाविक है। लेकिन उन्होंने आक्रामक भाषा का इस्तेमाल किया है, वह ठीक नहीं है। महाराष्ट्र की राजनीतिक परंपरा को सभ्य और वैचारिक बताते हुए आठवले ने कहा कि किसी भी नेता के व्यक्तिगत जीवन पर आलोचना या बदनामी करना उचित नहीं है। राऊत और उनकी पार्टी को आत्मचिंतन करने, संयम और राजनीतिक जागरूकता बनाए रखने की जरूरत है।
आठवले ने कहा कि उद्धव ठाकरे को भी इस पूरी घटना को गंभीरता से लेना चाहिए और आत्मचिंतन करना चाहिए। राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन एक-दूसरे का सम्मान करना और महाराष्ट्र की राजनीतिक संस्कृति को बचाए रखना सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।
---------------

