शौकत मोल्ला को सड़क पर पैदल लेकर चली पुलिस, पीछे बजता रहा ‘मछली चोर’ गाना
- DSS Admin
- Jul 02, 2026
कोलकाता, 02 जुलाई (हि. स.)। गुरुवार को जीवनतला बाजार इलाके में एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली। शौकत मोल्ला को पुलिस सड़क पर पैदल लेकर जा रही थी और दूसरी ओर बैकग्राउंड में ‘मछली चोर’ गाना बज रहा था। शौकत मोल्ला का चेहरा उतरा हुआ था और चारों तरफ पुलिस ने उन्हें घेर रखा था। जिस सड़क पर अब तक शौकत पूरे दबदबे के साथ घूमते नजर आते थे, उसी जीवनतला की सड़क पर आज वह पुलिस के साथ चलते दिखाई दिए। एक मामले के पुनर्निर्माण के लिए गुरुवार को पुलिस उन्हें जीवनतला बाजार लेकर पहुंची थी।
दोपहर के समय जब पुलिस शौकत मोल्ला को लेकर सड़क पर चल रही थी, उस समय जीवनतला बाजार लोगों से खचाखच भरा हुआ था। जिन लोगों ने अब तक शौकत का दबदबा देखा था, वे आज देख रहे थे कि सत्ता का संरक्षण हटते ही सारा रौब फीका पड़ गया है। इसी क्षेत्र में स्थित बीडीओ कार्यालय में शौकत की पंचायत समिति का कार्यालय हुआ करता था।
गुरुवार को जब शौकत मोल्ला बीडीओ कार्यालय के सामने से गुजर रहे थे, तभी अचानक उन्होंने ऊपर की ओर देखा और किसी व्यक्ति को देखकर हाथ भी हिलाया। कैनिंग पूर्व के पूर्व विधायक शौकत मोल्ला की बेटी भी वहां पहुंची हुई थी।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने शौकत मोल्ला को गिरफ्तार किया था। इसके बाद दुष्कर्म, वसूली और धमकी देने के आरोपों में जीवनतला थाना पुलिस ने उन्हें अपनी हिरासत में ले लिया। गुरुवार को जब पुलिस उन्हें लेकर चल रही थी, तब भीड़ में कुछ लोग ‘चोर-चोर’ चिल्ला रहे थे, जबकि कुछ लोगों ने उन पर जूते भी फेंके।
इस दौरान बैकग्राउंड में लगातार गाना बज रहा था — ‘मछली चोर, मछली चोर, शौकत मछली चोर...।’
---------------

