जुबीन गर्ग मृत्यु: श्यामकनु महंत ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की जमानत याचिका
- DSS Admin
- Jun 22, 2026
गुवाहाटी, 22 जून (हि.स.)। असम के प्रसिद्ध संगीतकार जुबीन गर्ग की मृत्यु से जुड़े चर्चित मामले में मुख्य आरोपितों में शामिल श्यामकनु महंत ने जमानत के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। गौहाटी हाईकोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय में याचिका दायर की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महंत की जमानत याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में मंगलवार को सुनवाई होने की संभावना है। मामले को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध कर दिया गया है।
इससे पहले विशेष फास्ट ट्रैक अदालत ने इसी मामले में आरोपित संदीपन गर्ग, अमृतप्रभा महंत, नंदेश्वर बोरा और परेश बैश्य की जमानत याचिकाएं खारिज कर उन्हें मुकदमे की कार्यवाही पूरी होने तक न्यायिक हिरासत में रखने का निर्देश दिया था।
श्यामकनु महंत ने इससे पूर्व गौहाटी हाईकोर्ट में भी जमानत की मांग की थी। न्यायमूर्ति मिताली ठाकुरिया की अदालत में हुई सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने जमानत देने की दलील पेश की, जबकि महाधिवक्ता देवजीत लोन सैकिया ने इसका विरोध करते हुए याचिका खारिज करने का आग्रह किया था।
सितंबर 2025 में प्रसिद्ध संगीतकार जुबीन गर्ग की मृत्यु से जुड़े इस मामले ने पूरे असम में व्यापक जनचर्चा और कानूनी बहस को जन्म दिया है। मामले की आगे की सुनवाई और न्यायिक प्रक्रिया पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
----------

