भागलपुर, 18 मई (हि.स.)। भागलपुर पुलिस द्वारा स्वस्थ युवा स्वस्थ भागलपुर अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर नशे के कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है।
सबौर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सबौर रेलवे स्टेशन के समीप कुछ लोग अवैध मादक पदार्थ के कारोबार में शामिल हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने राजकुमार नामक युवक को हिरासत में लिया। उसकी निशानदेही पर सौरभ कुमार और रितेश कुमार को गिरफ्तार किया गया पुलिस ने इनके पास से 408 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया है। उक्त आशय की जानकारी सोमवार को सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह ने दी।
सिटी एसपी ने बताया कि अकबरनगर थाना पुलिस को सूचना मिली कि एक चार पहिया वाहन से कुछ लोग भारी मात्रा में नशीला पदार्थ लेकर गुजरने वाले हैं। इसके बाद पुलिस ने थाना क्षेत्र में वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान एक वाहन पुलिस को देखकर भागने लगा लेकिन पुलिस और एसटीएफ की टीम ने पीछा कर वाहन को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान 100. 32 ग्राम स्मैक बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नाथनगर से मादक पदार्थ लेकर समस्तीपुर बिक्री के लिए जा रहे थे। गिरफ्तार सभी आरोपी समस्तीपुर जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इसके अलावा बबरगंज थाना पुलिस ने भी कार्रवाई करते हुए दो विधि विरुद्ध बालकों को 10. 41 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पकड़ा गया है।
---------------

