कोलकाता में योग दिवस पर तड़के चार बजे से चलेगी मेट्रो, ब्लू लाइन एवं ग्रीन लाइन पर विशेष परिसेवा
- DSS Admin
- Jun 19, 2026
कोलकाता, 19 जून (हि. स.)। आगामी रविवार को महानगर कोलकाता में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह को ध्यान में रखते हुए कोलकाता मेट्रो प्रबंधन ने सुबह नौ बजे के बजाय तड़के चार बजे से ही यातायात शुरू करने की घोषणा की है। इसी दिन नीट परीक्षा को देखते हुए अतिरिक्त ट्रेने चलाने का फैसला किया गया है।
कोलकाता मेट्रो रेल प्रबंधन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, रविवार को कोलकाता की ब्लू लाइन, ग्रीन लाइन और येलो लाइन पर विशेष परिसेवा मिलेगी। मेट्रो रेल ने बताया है कि यह विशेष परिसेवा उन लोगों की सुविधा के लिए की गई है जो रविवार को रेड रोड पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में शामिल होने जाएंगे।
मिली जानकारी के अनुसार, आगामी रविवार को ब्लू लाइन पर कुल 214 मेट्रो सर्विस चलाई जाएंगी। इनमें से 107 अप और 107 डाउन सर्विस होंगी। रविवार सुबह चार बजे से आठ बजे तक, ब्लू लाइन पर मेट्रो अप और डाउन दोनों दिशाओं में 15 मिनट के अंतराल पर चलेगी।
रविवार को ग्रीन लाइन पर कुल 173 मेट्रो ट्रेनें चलेंगी। इनमें से 87 अप और 86 डाउन सर्विस होंगी। सुबह चार बजे से नौ बजे तक, ग्रीन लाइन पर मेट्रो दोनों दिशाओं में 15 मिनट और 10 मिनट के अंतराल पर चलेगी। उसके बाद, रविवार की सामान्य परिसेवा मिलेंगी।
येलो लाइन पर भी मेट्रो संख्या बढ़ा दी गई हैं। योग दिवस पर इस रूट में कुल 112 मेट्रो ट्रेनें चलेंगी। इनमें से 56 अप और 56 डाउन सर्विस होंगी। सामान्यतया रविवार को येलो लाइन पर 78 सर्विस चलती हैं।
मेट्रो रेल सूत्रों के अनुसार, ब्लू लाइन, ग्रीन लाइन और येलो लाइन पर आखिरी मेट्रो सर्विस का समय बदला नहीं जाएगा।
-------------

