बांस-बल्लियों के सहारे जल रही रोशनी, चार माह से सड़क किनारे पड़े हैं बिजली के पोल

- सौभाग्य योजना अधूरी, जान जोखिम में डालकर बिजली इस्तेमाल करने को मजबूर ग्रामीण

मीरजापुर, 19 जून (हि.स.)। एक ओर सरकार हर घर तक बिजली पहुंचाने का दावा कर रही है, वहीं हलिया विकासखंड के सिकटा गांव की कई बस्तियां आज भी सुरक्षित विद्युत आपूर्ति से वंचित हैं। हालात ऐसे हैं कि दर्जनों परिवार बांस-बल्लियों के सहारे बिजली के तार खींचकर रोशनी करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सौभाग्य योजना के तहत चार माह पहले सड़क किनारे बिजली के पोल गिरा दिए गए, लेकिन आज तक उन्हें लगाया नहीं गया।

हलिया के विद्युत उपकेंद्र बरी से जुड़े अदवा फीडर के अंतर्गत सिकटा गांव की कहार, ब्राह्मण और आदिवासी बस्तियों में दर्जनों परिवार निवास करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बस्ती तक बिजली पहुंचाने के लिए मात्र चार पोल लगाने की आवश्यकता है। मुख्य लाइन के पास पोल खड़े कर दिए जाएं तो सभी परिवारों को नियमित और सुरक्षित बिजली मिल सकती है।

ग्रामीणों के अनुसार, विद्युतीकरण के वर्षों बाद भी बस्ती के कई परिवार अंधेरे में जीवन बिताने को विवश हैं। कुछ लोगों ने करीब 500 मीटर लंबी केबल बांस-बल्लियों के सहारे खींच रखी है, जिससे घरों में बल्ब जल रहे हैं। यह व्यवस्था कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

बस्ती निवासी बद्री नारायण तिवारी, आल्हा कहार, आदित, चेंदुल, माहुर, लवकुश, लल्लू कहार, लल्लन तिवारी और संजय कोल सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि तार टूटने या शॉर्ट सर्किट होने की स्थिति में जान-माल का गंभीर खतरा बना रहता है। उन्होंने बताया कि लगभग दस वर्ष पूर्व गांव निवासी अरुण उर्फ पप्पू शुक्ल की आंधी के दौरान टूटे विद्युत तार की चपेट में आने से मौत भी हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद विभागीय लापरवाही कम नहीं हुई।

ग्रामीणों का आरोप है कि चार माह से सड़क किनारे पड़े बिजली के पोल विभागीय उदासीनता की कहानी बयां कर रहे हैं। यदि इन्हें समय पर लगा दिया जाता तो कई परिवारों को सुरक्षित बिजली मिल सकती थी।

गांव के लोगों ने जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार से हस्तक्षेप कर सौभाग्य योजना के तहत बस्ती में शीघ्र बिजली के पोल लगवाने और नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक पोल नहीं लगाए जाते, तब तक उनके सिर पर बिजली हादसे का खतरा मंडराता रहेगा।

---------------

   

सम्बंधित खबर