बिजयनगर रेलवे स्टेशन पर जयपुर-असारवा एक्सप्रेस का ठहराव स्वीकृत
- DSS Admin
- Jun 25, 2026
अजमेर, 25 जून(हि.स.)। केंद्रीय रेल मंत्रालय द्वारा ट्रेन संख्या 12981/12982 जयपुर-असारवा एक्सप्रेस के बिजयनगर रेलवे स्टेशन पर ठहराव की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर बिजयनगर रेलवे स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की आवश्यकता से अवगत कराया था। इसके साथ ही उन्होंने व्यक्तिगत रूप से भी रेल मंत्री से मुलाकात कर बिजयनगर एवं आसपास के क्षेत्र के किसानों, व्यापारियों, श्रमिकों और यात्रियों की समस्याओं को विस्तार से रखा तथा शीघ्र समाधान का आग्रह किया था।
चौधरी ने उल्लेख किया था कि बिजयनगर क्षेत्र राजस्थान स्पिनिंग मिल्स, एनटीसी मिल, आगूचा माइंस सहित कपास एवं खाद्यान्न की बड़ी मंडियों का प्रमुख केंद्र है। केकड़ी, शाहपुरा, मसूदा एवं भिनाय सहित आसपास के क्षेत्रों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है, लेकिन पर्याप्त रेल सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने से आमजन को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने केंद्रीय मंत्री एवं स्थानीय अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी के अनुरोध पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए बिजयनगर रेलवे स्टेशन पर जयपुर-असारवा एक्सप्रेस के ठहराव को स्वीकृति प्रदान की है। इससे क्षेत्र के हजारों यात्रियों, किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों एवं नौकरीपेशा लोगों को सीधा लाभ मिलेगा तथा आवागमन अधिक सुविधाजनक हो सकेगा।
भागीरथ चौधरी ने कहा कि यह उपलब्धि अजमेर संसदीय क्षेत्र की जनता की सामूहिक मांग एवं विश्वास की जीत है। उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
---------------

