नोतपा से पहले ही भट्टी बना राजस्थान,पिलानी-चित्तौडग़ढ़ का पारा @46.2

जयपुर, 18 मई (हि.स.)। नोतपा शुरू होने में अभी एक सप्ताह से अधिक समय शेष है, लेकिन उससे पहले ही राजस्थान भीषण गर्मी की चपेट में आ गया है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सोमवार को तेज गर्मी और लू के थपेड़ों ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आईं और लोग घरों से निकलने से बचते दिखाई दिए। तेज गर्मी के आगे कूलर ही नहीं, एयर कंडीशनर भी बेअसर नजर आए। आमजन के साथ पशु-पक्षी भी गर्मी से बेहाल रहे।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को प्रदेश के नौ शहरों में दिन का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया, जबकि 10 शहरों में रात का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। चित्तौड़गढ़ और पिलानी में सर्वाधिक 46.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं संगरिया की रात सबसे गर्म रही, जहां न्यूनतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। संगरिया के अलावा जालौर, बीकानेर, फलौदी, जोधपुर, बाड़मेर, चित्तौड़गढ़, कोटा, जयपुर और अजमेर में भी रात का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। पश्चिमी राजस्थान के शहर सबसे अधिक गर्म रहे।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि सोमवार को प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा तथा कई स्थानों पर हीटवेव और गर्म रात की स्थिति दर्ज की गई। उन्होंने कहा कि राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। आगामी एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने तथा पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों एवं दक्षिण-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं हीटवेव चलने की संभावना है। उन्होंने बताया कि पश्चिमी, उत्तरी और पूर्वी राजस्थान में आगामी चार से पांच दिनों तक 20 से 30 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से धूलभरी हवाएं चलने की प्रबल संभावना है। मौसम विभाग ने 19 मई के लिए प्रदेश के 19 जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में अधिकतम तापमान 42 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई गई है।

राजधानी जयपुर में भी गर्मी का असर बेहद तीव्र रहा। शहर का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लू के थपेड़ों के कारण लोग घरों से निकलने से बचते रहे और दोपहर में शहर की सड़कों पर यातायात कम दिखाई दिया। भीषण गर्मी के बीच जयपुर के सिविल लाइंस क्षेत्र में ओवरलोड के चलते एक ट्रांसफार्मर तेज धमाके के साथ फट गया। धमाके की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आए, जिससे इलाके में कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रदेश के प्रमुख शहरों में चित्तौड़गढ़ और पिलानी में 46.2 डिग्री, श्रीगंगानगर में 46.1, बीकानेर में 46, वनस्थली में 45.6, फतेहपुर में 45.5, कोटा में 45.3 तथा बाड़मेर और चूरू में 45.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

---------------

   

सम्बंधित खबर