स्कूल चलो अभियान की तैयारियां पूरी करने के निर्देश, पहले दिन बच्चों के स्वागत में जुटेंगे अधिकारी
- DSS Admin
- Jul 01, 2026

देवरिया, 01 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिशा के जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में बुधवार काे कलेक्ट्रेट सभागार में जिला टास्क फोर्स शिक्षा समिति एवं प्रोजेक्ट अलंकार की बैठक हुई। बैठक में 2 जुलाई से शुरू होने वाले स्कूल चलो अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गयी। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को समय से सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में आधारभूत सुविधाएं, पेयजल, शौचालय, बिजली, बाउंड्रीवाल एवं जल निकासी की समुचित व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए। विद्यालय परिसर में जलभराव न हो तथा कहीं भी बिजली के ढीले या लटकते तार न रहें। उन्होंने निर्देश दिया कि अभियान के पहले दिन पंचायत सचिव, लेखपाल, खंड शिक्षा अधिकारी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी विद्यालयों में उपस्थित रहकर बच्चों का स्वागत करेंगे।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से शिक्षा के क्षेत्र में देवरिया को निपुण जनपद बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

