उप निरीक्षक—प्लाटून कमाण्डर भर्ती-2025 : शारीरिक दक्षता परीक्षा जुलाई के अंतिम सप्ताह में होगी आयोजित

जयपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान लोक सेवा आयोग, अजमेर द्वारा आयोजित उप निरीक्षक प्लाटून कमाण्डर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) माह जुलाई 2026 के अंतिम सप्ताह में आयोजित की जाएगी।

उप महानिरीक्षक पुलिस भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड राजस्थान जयपुर मनोज कुमार ने बताया कि राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा लिखित परीक्षा का आयोजन 5 एवं 6 अप्रैल 2026 को किया गया था तथा इसका परिणाम 19 जून 2026 को घोषित किया गया। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा पुलिस मुख्यालय स्तर पर गठित बोर्ड द्वारा जयपुर, उदयपुर, कोटा, जोधपुर, भरतपुर, बीकानेर एवं अजमेर रेंज मुख्यालयों पर आयोजित की जाएगी।

कुमार ने बताया कि सभी पात्र अभ्यर्थी महानिदेशक पुलिस, राजस्थान के स्थायी आदेश संख्या-10/2025 में निर्धारित पाठ्यक्रम एवं मानकों के अनुसार शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी सुनिश्चित करें। परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए अभ्यर्थियों के प्रवेश-पत्र शीघ्र जारी किए जाएंगे, जिन्हें अभ्यर्थी अपनी एसएसओ आईडी के माध्यम से डाउनलोड कर सकेंगे।

उप महानिरीक्षक पुलिस कुमार ने बताया कि अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि एवं समय पर प्रवेश-पत्र तथा फोटोयुक्त पहचान पत्र के साथ परीक्षा स्थल पर उपस्थित होना अनिवार्य होगा। शारीरिक दक्षता परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं अन्य आवश्यक निर्देश राजस्थान पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट तथा राजस्थान लोक सेवा आयोग, अजमेर की वेबसाइट पर समय-समय पर उपलब्ध कराए जाएंगे।

उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे परीक्षा संबंधी नवीनतम सूचनाओं के लिए नियमित रूप से राजस्थान पुलिस एवं राजस्थान लोक सेवा आयोग की वेबसाइट का अवलोकन करते रहें। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि शारीरिक दक्षता परीक्षा के संबंध में अभ्यर्थियों को व्यक्तिगत रूप से अलग से सूचना नहीं भेजी जाएगी, इसलिए सभी अभ्यर्थी विभाग द्वारा जारी होने वाले विज्ञप्तियों एवं वेबसाइट पर प्रदर्शित सूचनाओं पर निरंतर नजर रखें।

---------------

   

सम्बंधित खबर