फलता में शुभेंदु का हाईवोल्टेज प्रचार, मृत भाजपा कार्यकर्ताओं के परिजनों को नौकरी और विशेष पैकेज का ऐलान

कोलकाता, 19 मई (हि.स.)। आगामी 21 मई को होने वाले फलता विधानसभा चुनाव को लेकर मंगलवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने हाईवोल्टेज चुनाव प्रचार किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राजनीतिक हिंसा में मारे गए भाजपा कार्यकर्ताओं के परिवारों के लिए सरकारी नौकरी एवं विशेष पैकेज की घोषणा की।

सुबह करीब पौने बारह बजे फलता पहुंचकर उन्होंने बंगनगर-दो पंचायत के हासिमनगर स्थित कालीतला मैदान से लंबी पदयात्रा की शुरुआत की। चुनावी माहौल के बीच इस कार्यक्रम को लेकर इलाके में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई।

पदयात्रा शुरू करने से पहले मुख्यमंत्री ने स्थानीय मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद वह खुले वाहन में सवार होकर लोगों का अभिवादन करते नजर आए। सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में भाजपा समर्थकों की भीड़ उमड़ी। पार्टी के झंडे, नारेबाजी और फूलों की वर्षा से पूरा इलाका उत्साह में डूब गया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।

सभा को संबोधित करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कई महत्वपूर्ण राजनीतिक घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद राजनीतिक हिंसा में मारे गए भाजपा के 321 कार्यकर्ताओं के परिवारों के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी। इसके साथ ही फलता और डायमंड हार्बर क्षेत्र में प्रभावित भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए विशेष आर्थिक और सामाजिक पुनर्वास पैकेज देने की घोषणा भी की गई।

   

सम्बंधित खबर