छग : रथयात्रा पर यात्रियों की सुविधा के लिए टीओडी स्पेशल ट्रेनें, कई ट्रेनों में सीटें अभी भी खाली

रायपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। रथयात्रा के दौरान बढ़ी हुई यात्री भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन ऑन डिमांड (टीओडी) स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। रेलवे के अनुसार इन विशेष ट्रेनों में फिलहाल कई बर्थ एवं सीटें उपलब्ध हैं, जिनका लाभ यात्री उठा सकते हैं।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि, वे नियमित ट्रेनों में भीड़ बढ़ाने के बजाय टीओडी स्पेशल ट्रेनों में उपलब्ध सीटों का उपयोग करें, जिससे यात्रा अधिक सुगम, सुरक्षित और आरामदायक हो सके।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि, यात्री टिकट बुकिंग से पहले अधिकृत रेलवे आरक्षण केंद्रों तथा आईआरसीटीसी के माध्यम से सीटों की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। वहीं, RailOne ऐप के जरिए आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट बुकिंग, पीएनआर स्टेटस, ट्रेन की लाइव रनिंग स्थिति, कोच पोजिशन समेत अन्य रेलवे सेवाओं का भी लाभ लिया जा सकता है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने स्पष्ट किया है कि, यात्रियों की मांग और बुकिंग की स्थिति के आधार पर स्पेशल ट्रेनों के संचालन की लगातार समीक्षा की जा रही है। रेलवे ने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

रेलवे द्वारा जारी 3 जुलाई की नवीनतम उपलब्धता रिपोर्ट के अनुसार, टीओडी स्पेशल ट्रेनों में अभी भी कई बर्थ खाली हैं। विस्तृत उपलब्धता सूची रेलवे ने अलग से जारी की है।

---------------

   

सम्बंधित खबर