राज्यपाल ने पुस्तक ‘आदि कर्मयोगी अभियान’ का किया विमोचन
- Admin Admin
- Nov 15, 2025
देहरादून, 15 नवंबर (हि.स.)। यहां राजभवन में शनिवार को जनजातीय गौरव दिवस तथा झारखण्ड राज्य स्थापना दिवस आयोजित किया गया। इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा के राष्ट्र के लिए असाधारण योगदान एवं उनके अदम्य साहस को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया। कार्यक्रम में एकलव्य बालिका इण्टर कॉलेज की छात्राओं ने जौनसारी संस्कृति पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस मौके पर राज्यपाल गुरमीत सिंह ने जनजाति कल्याण विभाग द्वारा तैयार की गई पुस्तक ‘‘आदि कर्मयोगी अभियान’’ का विमोचन किया।
राज्यपाल ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा देश के जनजातीय समाज के साहस, स्वाभिमान और अधिकारों के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस हमें यह स्मरण कराता है कि स्वतंत्रता संग्राम से लेकर राष्ट्र निर्माण तक जनजातीय समुदायों का योगदान अद्वितीय और अमूल्य रहा है। प्रकृति-सम्मत जीवन शैली, परिश्रम, समानता, सामाजिक सहयोग और मातृभूमि के प्रति अटूट निष्ठा, ये जनजातीय जीवन मूल्य पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत हैं। राज्यपाल ने जनजातीय समुदायों के उत्थान, शिक्षा, रोजगार और सांस्कृतिक संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर देते हुए कहा कि उनका ज्ञान, साहस और जीवन-दर्शन भारत की समृद्धि और एकता की महत्वपूर्ण धरोहर है।
इस अवसर पर राज्यपाल सचिव रविनाथ रामन, विधि परामर्शी कौशल किशोर शुक्ल, सचिव श्रीधर बाबू अदांकी, अपर सचिव रीना जोशी, निदेशक समाज कल्याण संजय सिंह टोलिया, अपर निदेशक योगेन्द्र सिंह रावत आदि मौजूद रहे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद पोखरियाल



