आरबीआई ने जम्मू में एमएसएमई उद्यमियों के लिए जागरूकता शिविर आयोजित किया
- Neha Gupta
- Jun 23, 2026

जम्मू, 23 जून । भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने आज जम्मू में एमएसएमई उद्यमियों के लिए एक जागरूकता शिविर आयोजित किया जिसमें 160 से अधिक उद्यमियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को उपलब्ध वित्तीय अवसरों, ऋण सुविधाओं और सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी प्रदान करना था। शिविर में यूनिफाइड लेंडिंग इंटरफेस, सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी, ट्रेड्स, जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख में एमएसएमई वित्तपोषण की स्थिति, ऋण प्राप्ति में चुनौतियां और उनके समाधान, एमएसएमई हेल्थ क्लिनिक, औपचारिक ऋण प्रक्रिया तथा आवश्यक दस्तावेजों जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने जानकारी दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आरबीआई के क्षेत्रीय निदेशक (जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख) ने की। इस अवसर पर जम्मू-कश्मीर बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमिताभ चटर्जी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अलावा विभिन्न बैंकों, नाबार्ड, डीआईसी और एमएसएमई विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। अपने संबोधन में आरबीआई के क्षेत्रीय निदेशक ने कहा कि हालिया वैश्विक चुनौतियों के बावजूद एमएसएमई क्षेत्र भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ बना हुआ है और रोजगार, जीडीपी तथा निर्यात में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर में उद्यम पंजीकरण में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है तथा आरबीआई द्वारा बिना जमानत ऋण सीमा को 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 20 लाख रुपये करने जैसे कदम उद्यमियों के लिए लाभकारी साबित होंगे। वहीं जम्मू-कश्मीर बैंक के एमडी एवं सीईओ अमिताभ चटर्जी ने एमएसएमई क्षेत्र को रोजगार और नवाचार का प्रमुख स्रोत बताते हुए उद्यम पंजीकरण तथा मिशन युवा जैसी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।

