
जींद, 04 जुलाई । सफीदों खंड के गांव रामपुरा के पास दर्जनभर युवकों ने बाइक सवार दो युवकों पर तेजधार हथियारों से हमला कर रुपये तथा मोबाइल फोन छीनने का प्रयास किया। युवक किसी तरह जान बचाने में कामयाब हो गए। आरोपितों ने युवकों की बाइक को जला डाला। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना सफीदों पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चार लोगों को नामजद कर आठ अन्य के खिलाफ मारपीट करने, आगजनी समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव सिंघाना निवासी प्रिंस ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह कार्यवश सफीदों गया हुआ था। वह अपने दोस्त अभी के साथ बाइक पर सवार होकर घर वापस वापस लौट रहा थे, तो गांव रामपुरा निजी स्कूल के निकट दर्जनभर युवकों ने उनका रास्ता रोक कर उन पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। आरोपितों ने उनसे रुपये तथा मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की। चोट लगने के बाद भी वे बाइक को छोड़ कर जान बचाने के लिए खेतों की तरफ भाग निकले और शोर मचाया।
आरोपितों ने सड़क पर छोड़े उसके बाइक को आग लगा दी। छीना झपटी व मारपीट के दौरान उन्होंने चार युवकों को पहचान लिया। जिसमें गांव सिंघाना निवासी प्रदीप, विकास, राजा, बादल थे। जब कि वे आठ अन्य को पहचान नही पाए। सूचना पाकर जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती, तब तक वे फरार हो चुके थे। सदर थाना सफीदों पुलिस ने प्रिंस की शिकायत पर चारों लोगों को नामजद कर आठ अन्य के खिलाफ मारपीट करने, आग लगाने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शनिवार को जानकारी देते हुए सदर थाना सफीदों के जांच अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि दो युवकों पर हमला कर घायल करने तथा उनकी बाइक जलाने की शिकायत मिली थी। जिस पर दर्जनभर युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
---------------

