कैनिंग में भाजपा कार्यकर्ता की हत्या की कोशिश के मामले में तृणमूल विधायक का भाई गिरफ्तार

दक्षिण 24 परगना, 16 मई (हि.स.)। कैनिंग पश्चिम से तृणमूल कांग्रेस विधायक परेशराम दास के भाई उत्तम दास को पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ता की हत्या की कोशिश के मामले में गिरफ्तार किया है। उन पर हमले में सहयोग देने का आरोप है।

पुलिस ने शुक्रवार रात मिठाखाली गांव स्थित उनके घर के सामने से उन्हें हिरासत में लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस के साथ केंद्रीय बल के जवान भी मौजूद थे। उत्तम दास कैनिंग-1 पंचायत समिति के अध्यक्ष और इलाके के प्रभावशाली नेता माने जाते हैं।

उनकी गिरफ्तारी के बाद इलाके में तनाव फैल गया। देर रात बड़ी संख्या में उनके समर्थक थाने के बाहर जमा हो गए। हालांकि पुलिस और केंद्रीय बल ने उन्हें वहां से हटा दिया।

जानकारी के अनुसार, चार मई को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित होने के दौरान कैनिंग के दिघिरपाड़ गांव में भाजपा कार्यकर्ता अर्घ्यदीप बसु पर हमला हुआ था। आरोप है कि अज्ञात लोगों ने उन्हें निशाना बनाकर गोली चलाई, जिससे उनके दाहिने पैर में गोली लगी। उसी मामले में संलिप्तता के संदेह पर पुलिस ने उत्तम दास को गिरफ्तार किया।

पुलिस को आशंका थी कि गिरफ्तारी के बाद तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो सकती है। इससे पहले कैनिंग इलाके में थाने से आरोपियों को छुड़ाने और पुलिस पर हमले जैसी घटनाएं हो चुकी हैं। इसी वजह से थाने के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

इसके बावजूद रात में समर्थकों की भीड़ बढ़ने लगी, जिसके बाद पुलिस और केंद्रीय बल ने उन्हें तितर-बितर कर दिया। उत्तम दास को शनिवार को अदालत में पेश किए जाने की संभावना है।

हालिया विधानसभा चुनाव में भाजपा ने राज्य में 207 सीटें जीतकर बड़ी सफलता हासिल की, जबकि तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों पर सिमट गई। हालांकि कैनिंग पश्चिम सीट पर तृणमूल विधायक परेशराम दास ने 40 हजार से अधिक मतों से जीत दर्ज की थी।

चुनाव परिणाम के बाद राज्य के विभिन्न हिस्सों से भाजपा के खिलाफ चुनाव बाद हिंसा के आरोप सामने आए हैं।

---------------

   

सम्बंधित खबर