उत्तर बंगाल पर्यटन को वैश्विक पहचान दिलाने की तैयारी, मंत्री शंकर घोष ने दिए बड़े संकेत

सिलीगुड़ी, 15 जून (हि. स.)। राज्य के नए पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने सिलीगुड़ी में औपचारिक रूप से पर्यटन विभाग का कार्यभार संभाल लिया। सोमवार को शहर के मैनाक टूरिज्म प्रॉपर्टी स्थित कार्यालय पहुंचकर उन्होंने जिम्मेदारी ग्रहण की, जहां विभागीय अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

कार्यभार संभालने के बाद पत्रकारों से बातचीत में मंत्री शंकर घोष ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य उत्तर बंगाल के पर्यटन को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाना है। जबकि पूरे राज्य के पर्यटन उद्योग को अधिक आकर्षक बनाना है। उन्होंने कहा कि हम बंगाल के पर्यटन को इस तरह प्रस्तुत करना चाहते हैं कि यह दुनिया के नक्शे पर एक खास स्थान बना सके।

मंत्री ने 17 जून को होने वाली एक अहम बैठक का जिक्र करते हुए बताया कि पर्यटन क्षेत्र के विकास के लिए कई नए प्रस्ताव तैयार किए गए है, जिन्हें बाद में राज्य मंत्रिमंडल के सामने रखा जाएगा।

उन्होंने पहाड़ी क्षेत्रों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासनिक पहल का आश्वासन दिया। खासकर घुम से दार्जिलिंग तक सड़क पर लगने वाले जाम को बड़ी समस्या बताते हुए कहा कि इस पर जिला प्रशासन के साथ चर्चा हो चुकी है और जल्द समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है।

पर्यटन मंत्री ने उत्तर बंगाल के चाय उद्योग के संरक्षण और विकास पर भी जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्यटन के विस्तार के नाम पर चाय बागानों को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा।

   

सम्बंधित खबर