यमुनानगर में प्रतिबंधित दवाओं सहित युवक गिरफ्तार

यमुनानगर, 19 मई (हि.स.) यमुनानगर पुलिस के एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने प्रतिबंधित दवाओं के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से ट्रामाडोल के 312 कैप्सूल बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया, जहां से रिमांड पर लिया गया। एंटी नारकोटिक सेल के प्रभारी अनिल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रतापनगर बस स्टैंड के समीप एक युवक प्रतिबंधित दवाइयों के साथ संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है और उन्हें बेचने की तैयारी में है।

सूचना के आधार पर एक टीम गठित कर मौके पर भेजी गई। पुलिस टीम ने संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर नियमानुसार तलाशी प्रक्रिया पूरी की। तलाशी के दौरान उसके पास से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद हुए। मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार बरामद दवाओं की जांच ड्रग कंट्रोलर रितु मेहला से कराई गई, जिसमें 312 ट्रामाडोल कैप्सूल पाए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इन दवाओं का बिना वैध अनुमति परिवहन और भंडारण प्रतिबंधित है। आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पूछताछ में आरोपी की पहचान गाँव अराईयावाला निवासी मुनीश के रूप में हुई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी प्रतिबंधित दवाइयां कहां से लेकर आया था और किन लोगों तक उनकी आपूर्ति की जानी थी।

---------------

   

सम्बंधित खबर