चार साल में विमान और हेलिकॉप्टर पर तृणमूल ने खर्च किए 150 करोड़

कोलकाता, 20 जून (हि.स.)।तृणमूल कांग्रेस ने पिछले चार वर्षों में विमान और हेलिकॉप्टर किराये पर लगभग 150 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। यह जानकारी पार्टी द्वारा भारत निर्वाचन आयोग को सौंपी गई ऑडिट रिपोर्ट में सामने आई है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार इस खर्च का बड़ा हिस्सा पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की यात्राओं पर हुआ। बताया गया है कि चुनाव के समय को छोड़कर ममता बनर्जी राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए विमान और हेलिकॉप्टर का उपयोग करती रही हैं, इसलिए उस खर्च का भार पार्टी पर नहीं पड़ा।

एक क्षेत्रीय दल होने के बावजूद तृणमूल का यह खर्च समान स्तर की अन्य पार्टियों की तुलना में काफी अधिक माना जा रहा है। हालांकि, इस भारी खर्च को लेकर पार्टी के भीतर लंबे समय तक कोई खुलकर बोलने की हिम्मत नहीं जुटा पाया।

हाल ही में चुनावी नतीजों के बाद पार्टी में बढ़ते अंदरूनी असंतोष के बीच अब इस मुद्दे पर आवाजें उठने लगी हैं। शुक्रवार को बेलेघाटा के विधायक और पार्टी कार्यसमिति सदस्य कुणाल घोष ने साफ कहा कि वह पार्टी कोष से निजी जेट पर यात्रा का समर्थन नहीं करते। वहीं पार्टी के बागी नेता ऋतब्रत बनर्जी ने सवाल उठाया कि जब जमीनी कार्यकर्ताओं को कानूनी सहायता के लिए आर्थिक मदद नहीं मिल रही, तब ऐसी खर्चीली व्यवस्था क्या उचित है।

इसी बीच शुक्रवार रात तृणमूल के तीन बैंक खातों में लेनदेन रोक दिए जाने की खबर भी सामने आई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक इन खातों में करीब 440 करोड़ रुपये जमा हैं। माना जा रहा है कि इन खातों पर दोबारा नियंत्रण पाने के लिए पार्टी को लंबी कानूनी लड़ाई लड़नी पड़ सकती है।

बदलते राजनीतिक हालात में अब पार्टी के भीतर यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या अभिषेक बनर्जी अपनी हवाई यात्रा की इस महंगी व्यवस्था में बदलाव करेंगे।

---------------

   

सम्बंधित खबर