हरियाणा: एचटेट परीक्षा की तैयारी पूरी, 383 केंद्रों पर 2.33 लाख देंगे परीक्षा
- Vijesh Sharma
- Jul 01, 2026

-परीक्षा में बैठेंगी एक लाख 66 हजार 137 महिलाएं
चंडीगढ़, 01 जुलाई । हरियाणा में आगामी चार व पांच जुलाई को आयोजित एचटेट की परीक्षा के लिए कुल 383 केन्द्रों पर 233294 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इनमें 166137 महिलाएं और 67157 पुरुष शामिल हैं।हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित एचटेट की परीक्षा सीईटी की तर्ज पर पारदर्शी ढंग से सम्पन्न करवाई जाए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बुधवार को चंडीगढ़ में एचटेट परीक्षा की तैयारियों को लेकर आयोजित राज्य स्तरीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा भी मौजूद रहे। सभी जिला उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा के लिए अधिकारी केन्द्रों पर सभी प्रबंध पुख्ता करें ताकि किसी भी परीक्षार्थी को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि यदि किसी परीक्षार्थी को सेंटर में निर्धारित समय पर पहुंचने में कोई दिक्कत आती है तो वह डायल 112 पर कॉल कर सूचित करें। पुलिस उनकी सहायता करने के लिए तत्पर रहेगी।
मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पंचकूला, करनाल व कुरुक्षेत्र जिलों में एडीए की परीक्षा होने के कारण इन जिलों के परीक्षार्थियों के दूसरे जिलों में केंद्र बनाए गए। उनके लिए निर्धारित रूट पर चलने वाली बसों के अलावा परीक्षा के समय अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बोर्ड द्वारा 4 व 5 जुलाई को तीन चरणों में एचटेट परीक्षा आयोजित करवाई जाएगी। इसमें 4 जुलाई शनिवार को प्रथम चरण में लेवल-3 पीजीटी की परीक्षा केवल सांय 3.00 से 5.30 बजे तक आयोजित होगी। इसमें 238 परीक्षा केन्द्रों पर 73091 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इसी प्रकार 5 जुलाई को लेवल-2 टीजीटी की परीक्षा प्रात:काल के समय 10.00 से 12.30 बजे तक होगी जिसमें 383 केन्द्रों में 119141 अभ्यर्थी तथा सांय काल के समय 3.00 बजे से सांय 5.30 बजे तक लेवल-1 पीआरटी की परीक्षा होगी जिसके 139 केन्द्रों पर 41062 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन जिलों में एडीए की परीक्षा है उनको छोडक़र सभी जिलों के परीक्षार्थियों को उनके गृह जिलों में ही जिला मुख्यालय स्तर पर परीक्षा केन्द्र अलाट किए गए है। इसके अलावा बहादुरगढ़ तथा महेंद्रगढ़ में ही उपमंडल स्तर पर परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा केन्द्र पर 3 जुलाई तक सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर दिए जाएं और जिला स्तर पर अधिकारी उनकी विजियुलटी समय पर चैक कर लें। इसके अलावा हर केन्द्र पर एम्बुलेंस की सुविधा होगी। यदि किसी अभ्यर्थी को किसी प्रकार की बीमारी संबंधी समस्या आती है, तो पुलिस की निगरानी में उसे स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ करवाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि केन्द्रों पर अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 2 घंटे 10 मिनट पूर्व पहुंचना होगा ताकि मेटल डिटेक्टर से तलाशी, बायोमेट्रिक, डाटा कैप्चरिंग और अन्य अनिवार्य औपचारिकताएं समय पर पूरी की जा सके। परीक्षा प्रारम्भ होने से एक घंटा पूर्व परीक्षा केन्द्रों में प्रवेश बंद हो जाएगा। किसी भी अभ्यर्थी को केन्द्र में फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
---------------

