
सिलीगुड़ी, 5 जुलाई (हि.स)। एनजेपी थाने की पुलिस ने दो छिनतई बाजों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित का नाम प्रसेनजीत दास और चंद्र बर्मन है। पुलिस सूत्रों के अनुसार दोनों को शनिवार को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश कर सात दिन की रिमांड की मांग की जाएगी।उल्लेखनीय है कि आठ अप्रैल की शाम यातायात विभाग के एएसआई अनिसुर रहमान की पत्नी टोटो से अपने घर फुलबाड़ी लौट रही थी। तभी उत्तरकन्या के पास बाइक सवार दो युवक महिला के हाथ में मौजूद बैग छीनकर भाग गए थे। घटना में महिला घायल भी हो गई थी। घटना के अगले दिन यानी नौ अप्रैल को महिला के पति पुलिस अधिकारी अनिसुर रहमान ने एनजेपी थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी। शिकायत के आधार पर एनजेपी थाने की पुलिस ने जांच शुरू की। करीब तीन माह के बाद आखिरकार शुक्रवार रात कावाखाली एशियन हाईवे से दोनों छिनतई बाजों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने महिला का चोरी हुआ मोबाइल बरामद कर लिया है। हालांकि, लूटे गए सोने के आभूषण, नकदी और अन्य सामान बरामद नहीं किये जा सके हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार