पदक विजेता खिलाड़ियों को तय समय में सरकारी नौकरी दें, नई खेल नीति जल्द लाएं: मुख्यमंत्री
- DSS Admin
- Jul 02, 2026
देहरादून, 02 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सचिवालय में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी सेवा में समायोजित करने की प्रक्रिया तय समय के भीतर पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे अधिकतम खिलाड़ियों को खेल विभाग में ही नियुक्ति देने के लिए कार्ययोजना तैयार की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र की राष्ट्रीय खेल नीति-2025 के अनुरूप राज्य की नई खेल नीति तैयार की जाए। उन्होंने उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय, गोलापार (हल्द्वानी) में आगामी माह से शैक्षणिक सत्र प्रारंभ करने तथा प्रवेश प्रक्रिया, कोच, कर्मचारी एवं अधिकारियों की नियुक्ति में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही 'एक ब्लॉक-एक मिनी स्टेडियम' योजना के तहत निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों को 38वें राष्ट्रीय खेलों के दौरान विकसित खेल अवसंरचना के रखरखाव के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून, गोलापार, रुद्रपुर वेलोड्रोम, टिहरी झील, हरिद्वार और पिथौरागढ़ में विकसित खेल सुविधाओं का खिलाड़ियों के हित में अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने आगामी 39वें राष्ट्रीय खेल-2027 की तैयारियां अभी से शुरू करने, विभिन्न खेलों के विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने तथा खेल संघों के सहयोग से खिलाड़ियों के चयन और प्रतिभा पहचान की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य देवभूमि को खेलभूमि के रूप में स्थापित करना है।
उन्होंने 'एक जिला-एक खेल योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, प्रत्येक जिला खेल छात्रावास को संबंधित खेल की नर्सरी के रूप में विकसित करने तथा खिलाड़ियों तक गुणवत्तापूर्ण खेल सुविधाएं पहुंचाने पर भी जोर दिया।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि अब तक 29 पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में समायोजित किया जा चुका है। एक ब्लॉक-एक मिनी स्टेडियम योजना के तहत 48 मिनी स्टेडियम बन चुके हैं, जबकि 10 का निर्माण कार्य जारी है। भारत के पहले महिला आवासीय स्पोर्ट्स कॉलेज, लोहाघाट का निर्माण भी तेजी से चल रहा है। वहीं गोलापार स्थित राज्य खेल विश्वविद्यालय में 39 विभिन्न अवसंरचना परियोजनाओं का विकास किया जा रहा है।
बैठक में खेल मंत्री रेखा आर्या, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, खेल निदेशक दीप्ति सिंह सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
---

