देहरादून में जिला योजना समिति गठन की प्रक्रिया शुरू, 4 जुलाई तक मांगे गए सुझाव

देहरादून, 02 जुलाई (हि.स.)। देहरादून में जिला योजना समिति के गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने समिति के गठन के लिए प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों का अनंतिम परिसीमन जारी कर दिया है। इस पर आमजन से 4 जुलाई तक आपत्तियां और सुझाव आमंत्रित किए गए हैं।जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज नोडियाल ने बताया कि अंतिम परिसीमन के अनुसार जिले की ग्रामीण जनसंख्या 5,48,851 निर्धारित की गई है। इसके आधार पर जिला पंचायत के 30 निर्वाचित सदस्य होंगे, जिनमें से अपने मध्य से 10 सदस्यों का चयन जिला योजना समिति के लिए किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि नगर निकाय क्षेत्रों की कुल जनसंख्या 10,49,328 है। इसके आधार पर जिले के सात नगर निकायों में 202 निर्वाचित सदस्य होंगे, जिनमें से अपने मध्य से 20 सदस्यों का निर्वाचन जिला योजना समिति के लिए किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अनंतिम परिसीमन पर यदि किसी व्यक्ति को कोई आपत्ति या सुझाव हो तो वह जिलाधिकारी कार्यालय, मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय अथवा जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में लिखित रूप से 4 जुलाई तक प्रस्तुत कर सकता है।

उन्होंने बताया कि प्राप्त आपत्तियों पर 6 जुलाई को सुनवाई होगी, जबकि 8 जुलाई को शासन को आख्या भेजी जाएगी। शासन स्तर पर 10 जुलाई को अंतिम परिसीमन किया जाएगा और 13 जुलाई, 2026 को उसका विधिवत प्रकाशन होगा।

   

सम्बंधित खबर