औरैया में 250 अधिकारियों एवं पुलिस जवानों ने किया याेग
- DSS Admin
- Jun 18, 2026
औरैया , 18 जून (हि. स.)। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को जनपद औरैया में स्थानीय रिजर्व पुलिस लाइन औरैया एवं माधव हैप्पी ओल्ड एज होम वृद्धाश्रम आनेपुर में विशेष योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देशन में संपन्न हुआ। जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. परवीन, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्साधिकारी डॉ. जितेंद्र कुमार वर्मा तथा जिला प्रबंधक आयुष गौरव पांडे के प्रबंधन में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की।
रिजर्व पुलिस लाइन औरैया में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में लगभग 250 अधिकारियों एवं पुलिस जवानों ने भाग लिया। वरिष्ठ योग प्रशिक्षक योगेंद्र कुमार मिश्र ने प्रार्थना मंत्र के साथ योग सत्र की शुरुआत कराई।
इसके बाद सूक्ष्म व्यायाम के माध्यम से शरीर को सक्रिय करते हुए विभिन्न योगासन कराए गए। योगाभ्यास के दौरान ताड़ासन, वृक्षासन, अर्ध चक्रासन, उष्ट्रासन, शशांकासन, त्रिकोणासन, पादहस्तासन, मकरासन, भुजंगासन, वक्रासन तथा उत्तान मंडूकासन आदि का अभ्यास कराया गया। साथ ही अनुलोम-विलोम एवं भ्रामरी प्राणायाम का भी अभ्यास कराया गया। अंत में संकल्प मंत्र एवं ध्यान के माध्यम से स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का संदेश दिया गया।
इसी क्रम में माधव हैप्पी ओल्ड एज होम वृद्धाश्रम आनेपुर में भी वृद्धजनों के लिए विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां 50 से अधिक वृद्धजनों को कुर्सियों पर बैठकर सरल योग क्रियाएं एवं स्वस्थ रहने की विधियां सिखाई गईं।
योग प्रशिक्षक योगेंद्र कुमार मिश्र ने वृद्धावस्था में स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए पाचन तंत्र को मजबूत करने संबंधी उपाय बताए। उन्होंने करतल ध्वनि सहित अन्य सरल योग विधियों के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बनाए रखने की जानकारी दी।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने नियमित योग करने का संकल्प लेते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
---------------

