लखनऊ में संचालित फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, 119 लोग हिरासत में

लखनऊ, 01 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की एक बिल्डिंग में संचालित फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए साइबर सेल ने बुधवार को 119 लोगों को हिरासत में लिया है। इन लाेगाें के पास से 100 लैपटॉप, 178 कॉलिंग मोबाइल फोन, अन्य डिजिटल उपकरण, महत्वपूर्ण दस्तावेज एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य बरामद किया है।

अपर पुलिस उपायुक्त (अपराध) किरन यादव ने बुधवार को बताया कि साइबर सेल ने समिट बिल्डिंग के 11वें तल पर संचालित फर्जी अंतरराष्ट्रीय कॉल सेंटर का सफलतापूर्वक भंडाफोड़ किया। इस कार्रवाई में कुल 119 व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कॉल सेंटर के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डॉलर ऐप के माध्यम, तकनीकी धोखाधड़ी एवं विभिन्न प्रलोभनों के जरिए साइबर ठगी का शिकार बनाया जा रहा था।

समिट बिल्डिंग के 11वें तल पर दो कार्यालयों से इसका संचालन रात्रि में होता था। ऑपरेशन मैनेजर मूलरूप से गुजरात के रहने वाले ललित खैराजानी एवं विक्रम सिंह परमार हैं जिन्हें हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। पूछताछ एवं डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर इस संगठित अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। बरामद समस्त डिजिटल उपकरणों एवं दस्तावेजों को कब्जे में लेकर उनकी तकनीकी एवं फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है, जिससे साइबर अपराध के नेटवर्क, पीड़ितों, कॉलिंग मॉड्यूल एवं वित्तीय लेन-देन से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए जा सकें।

---------------

   

सम्बंधित खबर