दिल्ली में गूंजी मीरजापुर की मौजूदगी, इजरायली तकनीक से खेती में बदलाव पर हुई बड़ी चर्चा

मीरजापुर, 10 जून (हि.स.)। भारत-इजरायल कृषि सहयोग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के उद्देश्य से 9 और 10 जून 2026 को नई दिल्ली में एम्बेसी ऑफ इजरायल द्वारा आयोजित एल्युमिनी मीट में मीरजापुर के उद्यान विभाग की सक्रिय भागीदारी चर्चा का केंद्र रही। कार्यक्रम में आधुनिक कृषि तकनीकों, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के विस्तार और किसानों तक नवाचार पहुंचाने की रणनीतियों पर गहन मंथन किया गया।

कार्यक्रम में इजरायल के राजदूत एवं भारत सरकार के केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह की उपस्थिति रही। एल्युमिनी मीट में उत्तर प्रदेश उद्यान विभाग की ओर से संयुक्त निदेशक डॉ. राजीव कुमार वर्मा, उपनिदेशक उद्यान कृष्ण मोहन चौधरी, जिला उद्यान अधिकारी मीरजापुर मेवा राम, उद्यान विशेषज्ञ शुभम सिंह तथा जिला उद्यान अधिकारी कुशीनगर कृष्ण कुमार चौधरी ने प्रतिभाग किया।

बैठक में भारत और इजरायल के बीच कृषि क्षेत्र में तकनीकी हस्तांतरण, आधुनिक खेती, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और नवाचार आधारित कृषि मॉडल पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने बताया कि इजरायल की उन्नत तकनीकों के माध्यम से कम संसाधनों में अधिक उत्पादन हासिल करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।

चर्चा के दौरान प्रदेश में संचालित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की उपलब्धियों को भी साझा किया गया। वर्तमान में फलों के लिए बस्ती और सब्जियों के लिए कन्नौज में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस संचालित हैं, जबकि फलों के लिए कौशांबी और सब्जियों के लिए चंदौली में नए केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों पर इजरायली तकनीक से गुणवत्तापूर्ण पौध उत्पादन, कैनोपी मैनेजमेंट, ड्रिप सिंचाई और संरक्षित खेती जैसी आधुनिक प्रणालियों का प्रदर्शन किया जा रहा है।

एल्युमिनी मीट में अधिकारियों ने किसानों के बीच इजरायली कृषि तकनीकों के व्यापक प्रचार-प्रसार, नए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के निर्माण तथा कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए साझा प्रयासों पर जोर दिया। विशेषज्ञों का मानना है कि इन तकनीकों के विस्तार से प्रदेश के किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने में मदद मिलेगी।

   

सम्बंधित खबर